sarva-pitru-amavasya

Sarva Pitru Amavasya

इस साल सर्व पितृ अमावस्या 14 अक्टूबर, शनिवार को पड़ रही है,सर्व पितृ अमावस्या तिथि का आरंभ 13 अक्टूबर को रात 9 बजकर 50 मिनट और अमावस्या तिथि का समापन 14 अक्टूबर को रात 11 बजकर 24 मिनट पर होगा।

पितृ पक्ष के 16 दिन तिथि अनुसार श्राद्ध किया जाता है। लेकिन सर्वपितृ अमावस्या के दिन परिवार के उन मृतक सदस्यों का श्राद्ध किया जाता है जिनकी मृत्यु अमावस्या तिथि, पूर्णिमा तिथि और चतुर्दशी तिथि को हुई हो। धार्मिक मान्यता के अनुसार अमावस्या तिथि पर किया गया श्राद्ध परिवार के सभी पूर्वजों की आत्माओं को प्रसन्न करता है।  इसलिए इस दिन सभी पूर्वजों के निमित्त भी श्राद्ध करना चाहिए। इसके अलावा जिन पूर्वजों की पुण्यतिथि ज्ञात नहीं है उनका भी श्राद्ध अमावस्या में किया जाता है। परिवार के सदस्यों की अकाल मृत्यु हुई हो उनके निमित्त भी सर्व पितृ अमावस्या के दिन तर्पण किया जा सकता है। ऐसा करने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है, इसलिए अमावस्या श्राद्ध को सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या भी कहा जाता है। 

जानिए पितृपक्ष से जुड़ी खास बातें

  • शास्त्रों में तीन तरह के ऋण बताए गए हैं- देव ऋण, ऋषि ऋण और पितृ ऋण। पूजा-पाठ करने से देव ऋण उतरता है। दान-पुण्य करने से ऋषि ऋण उतरता है और श्राद्ध कर्म करने से पितृ ऋण उतरता है।
  • पितृ पक्ष में मृत गुरु, सास-ससुर, ताऊ, चाचा, मामा, भाई, बहनोई, भतीजा,‍ शिष्य, दामाद, भानजा, फूफा, मौसा, पुत्र, मित्र का भी श्राद्ध करना चाहिए। श्राद्ध इनकी मृत्यु तिथि पर करना चाहिए। अगर किसी की मृत्यु तिथि मालूम न हो तो सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या पर श्राद्ध कर्म करना चाहिए।
  • माता-पिता और घर के बड़े-बुजुर्ग अपने बच्चों के सुखी जीवन के लिए अपने सुख का त्याग करते हैं। संतानों का भी कर्तव्य होता है कि वे भी बड़ों के सुख का ध्यान रखें। घर के लोगों की मृत्यु के बाद उनके लिए श्राद्ध कर्म करना संतान का कर्तव्य है। घर-परिवार के मृत सदस्य को ही पितर देवता माना जाता है। इनके लिए श्राद्ध और दान-पुण्य जरूर करना चाहिए।
  • किसी मृत व्यक्ति की संतान भी न हो तो उसके रिश्तेदारों को श्राद्ध कर्म करना चाहिए। अगर किसी मृत व्यक्ति के एक से ज्यादा पुत्र हैं और सभी एक साथ ही रहते हैं तो सबसे बड़े बेटे को श्राद्ध करना चाहिए। अगर बच्चे अलग-अलग रहते हैं तो सभी अपने-अपने घर में अलग-अलग धूप-ध्यान कर सकते हैं।
  • मृत व्यक्ति का कोई पुत्र न हो तो पुत्री भी श्राद्ध कर सकती है। अगर किसी महिला के पति की मृत्यु हो गई है और उसकी कोई संतान भी नहीं है तो वह खुद अपने पति के लिए श्राद्ध कर सकती है।
  • किसी मृत व्यक्ति की पत्नी भी नहीं है तो उसका जीवित भाई श्राद्ध कर सकता है। पुत्र की संतान अपने दादा-दादी के लिए श्राद्ध कर्म कर सकती है।
  • पुरुष अपनी पत्नी का श्राद्ध तब ही कर सकता है जब उसकी कोई संतान न हो। पुत्र, पौत्र, पुत्री का पुत्र न होने पर भतीजा भी श्राद्ध कर सकता है। अगर गोद लिया हुआ पुत्र है या दामाद है तो वह भी श्राद्ध कर सकता है।

 

सर्व पितृ अमावस्या पर करें ये काम

  •  सर्व पितृ अमावस्या पर सूर्य ग्रहण का सूतक नहीं लगेगा इसलिए दान पुण्य किया जा सकता है
  •  इस दिन घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर करने के लिए हनुमानजी का पूजन कर सकते हैं
  • अमावस्या के दिन पवित्र नदियों में जैसे गंगा, यमुना, सरस्वती में स्नान करने का विधान है